भारत में मातृ मृत्य दर में 59 प्रतिशत की कमी : यूनीसेफ
भारत में यूनीसेफ की संचार प्रमुख एंजिला वाकर ने आईएएनएस को बताया, "मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिहाज से भारत 25वें स्थान पर है। वर्ष 1990 से यहां मातृ मृत्यु दर में 59 प्रतिशत कमी आई है। यह बिल्कुल निर्विवाद है कि भारत ने मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में काफी अच्छी प्रगति की है।"
डब्ल्यूएचओ, यूनीसेफ, यूएनएफपीए और विश्व बैंक द्वारा 15 सितम्बर को जारी किए गए "ट्रेंड्स इन मैटर्नल मॉरटलिटी" शीर्षक वाली रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में वर्ष 2008 में दुनिया में सर्वाधिक मातृ मृत्यु दर्ज की गई थी, यानी 63,000, जो कि नाइजीरिया, कांगो, अफगानिस्तान और इथियोपिया जैसे देशों से भी अधिक है।
यह स्थिति तब है, जब भारत की मातृ मृत्य दर 2008 में प्रति एक लाख आबादी पर 230 थी, जबकि 1990 में यह दर प्रति लाख आबादी पर 570, वर्ष 2000 में 390 और 2005 में 280 थी। इस तरह से यहां मातृ मृत्यु दर में 59 प्रतिशत की गिरावट आई है।
वाकर ने कहा, "इन नए आंकड़ों के अनुसार 2008 में भारत प्रति लाख पर 230 मातृ मृत्यु दर के साथ 171 देशों की सूची में 116वें स्थान पर था। भारत का स्थान अब मातृ मृत्यु दर के मामले में नेपाल, बांग्लादेश और पाकिस्तान से ऊपर है। इन देशों में मातृ मृत्य दर क्रमश: 380, 340 और 260 है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications