भारत राष्ट्रमंडल खेलों के लिए पूरी तरह तैयार (राउंडअप)

नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में दो अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा फायरिंग कर दो ताइवानी पर्यटकों को घायल कर देने के अगले दिन सोमवार को भारत ने कहा कि वह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 'अब पूरी तरह तैयार' है।

उधर, जामा मस्जिद के पास हुई गोलीबारी के मद्देनजर ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया ने अपने नागरिकों से सतर्क रहने को कहा। जबकि केंद्रीय पर्यटन मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि भारत सुरक्षित पर्यटन स्थल है। ऐसी घटनाओं से परेशान होने की जरूरत नहीं है।

राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में अब सिर्फ 13 दिन रह गए हैं, ऐसे में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने सोमवार को एक उच्चस्तरीय बैठक कर खेलों से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

दीक्षित ने कहा, "राजधानी खेलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि नव-विकसित सुविधाओं, ढांचों, हरियाली, स्ट्रीट लाइट, स्ट्रीट स्केपिंग, हाईमास्ट लाइट और अन्य महत्वपूर्ण नागरिक सेवाओं को निरंतर सही हालत में रखा जाए।"

इस दौरान लोक निर्माण विभाग, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली मेट्रो रेल प्राधिकरण, डिस्कॉम, डिम्टस और दिल्ली जल बोर्ड समेत विभिन्न एजेंसियों ने मुख्यमंत्री को अपने हिस्से आए कार्यो के बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पिछले 15 दिनों में भारी बारिश के बावजूद काफी कार्य किए जाने की सराहना की और संबंधित विभागों से विशेष दल गठित करने को कहा।

बैठक में दिल्ली सरकार के सभी विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव, सभी प्रधान सचिव, आयुक्त एमसीडी, अध्यक्ष एनडीएमसी और पीडब्ल्यूडी, डीएमआरसी, डीजेबी और डिम्टस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इस बीच दिल्ली दौरे पर आए आस्ट्रेलिया के राष्ट्रमंडल खेल एसोसिएशन (एसीजीए) के प्रमुख पेरी क्रासव्हाइट ने इन अटकलों को खारिज कर दिया कि जामा मस्जिद के निकट हुई गोलीबारी का कोई संबंध राष्ट्रमंडल खेलों से है।

उधर, ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया ने दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर गोलीबारी के बाद भारत में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान आतंकी हमले की आशंका जताते हुए अपने नागरिकों से विशेष सर्तकता बरतने को कहा है।

'एबीसी डॉट नेट डॉट एयू' के मुताबिक आस्ट्रेलियाई विदेश विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आतंकी हमले का बहुत ज्यादा खतरा है।

आस्ट्रेलिया के खेल मंत्री मार्क अर्बीब ने यात्रा संबंधी परामर्श पर ध्यान देने को कहा है। उन्होंने कहा, "आस्ट्रेलियाई नागरिकों से अनुरोध है कि वे दिल्ली सहित भारत की यात्रा के दौरान बेहद चौकसी बरतें।

नई दिल्ली स्थिति ब्रिटिश उच्चायोग ने एक बयान जारी कर कहा, "पूरे भारत में आतंकवाद का खतरा है। आतंकवादी पहले भी उन जगहों को निशाना बना चुके हैं, जहां पश्चिमी देशों के नागरिक ज्यादा जाते हैं। इनमें कई सार्वजनिक स्थान, रेस्तरां, होटल, रेलवे स्टेशन, बाजार और धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।"

उच्चायोग ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे भारत में सरकारी संस्थानों और पर्यटक स्थलों सहित अन्य जगहों पर जाने से पहले सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल कर लें।

केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी ने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि जामा मस्जिद के निकट हुई गोलीबारी का राष्ट्रमंडल खेलों के सुरक्षा प्रबंध पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।

अधिकारी ने कहा कि कई देशों ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर पूछताछ की है और उन्हें आश्वस्त किया गया है कि सरकार इस हमले को हल्के में नहीं ले रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रबंधों को लेकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

इस बीच केंद्रीय पर्यटन मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि भारत सुरक्षित पर्यटन स्थल है और सरकार विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सबसे अधिक चिंतित है।

उन्होंने पर्यटकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों से 'ऐसी घटनाओं से परेशान न होने की सलाह दी, क्योंकि भारत पर्यटकों के लिए सुरक्षित स्थान है और सरकार पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर कृतसंकल्प है।'

दूसरी ओर, ताइवानी फिल्म की शूटिंग के लिए नई दिल्ली आई टीम के दो सदस्यों पर हुई गोलीबारी की घटना को ताइवान मीडिया में सोमवार को काफी तरजीह दी गई। लेकिन उनकी ओर से यह भी कहा गया कि यह घटना उनका भारत दौरा नहीं रोक पाएगी।

समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक कुछ ट्रैवेल एजेंटों एवं ताइवानियों ने कोई खास चिंता नहीं जताई।

सिह चुन ट्रैवेल के अध्यक्ष येह तिंग-लिन ने कहा, "यह अलग घटना है। इससे ताइवानी नागरिकों की भारत दौरे में रुचि प्रभावित नहीं होगी।"

फ्रेंड्स ऑफ तिब्बत संगठन की प्रमुख चाउ मेइ-ली ने कहा कि बौद्ध मंदिरों और दलाई लामा के दर्शन के लिए भारत के दौरे पर गए ताइवानी नागरिक गोलीबारी की घटना से नहीं डरेंगे।

ताइवान के विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों से आग्रह किया कि वे भारत में दौरे के दौरान व्यक्तिगत तौर पर सुरक्षा के प्रति सचेत रहें, क्योंकि यह यात्रा के प्रति अलर्ट घोषित करने का मुद्दा नहीं है।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 53 देशों के 7000 खिलाड़ी और प्रतिनिधि शरीक होंगे। 1982 में हुए एशियाई खेलों के बाद भारत में होने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+