राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने कश्मीर पर चर्चा की
नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात की और जम्मू एवं कश्मीर के हालात तथा राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के बारे में चर्चा की।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की यह मुलाकात लगभग 45 मिनट तक चली।
बयान में कहा गया है, "दोनों नेताओं ने हाल ही संपन्न हुई पाटिल की कंबोडिया और लाओस की यात्रा पर भी चर्चा की।"
बयान में कहा गया है, "दोनों नेताओं ने जम्मू एवं कश्मीर के हालात, नक्सलवाद, खाद्य भंडारण सुविधा, लेह में बादल फटने से पीड़ित हुए लोगों के पुनर्वास तथा राष्ट्रमंडल खेलों के साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।"
ज्ञात हो कि कश्मीर घाटी में हालात का जायजा लेने सोमवार को एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने श्रीनगर का दौरा किया है, जहां 11 जून से जारी हिंसा में अब तक 102 नागरिक मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications