मप्र रेल हादसा : इंटरसिटी एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 23 की मौत (राउंडअप)
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के. एच. मुनियप्पा और उद्योग व वाणिज्य राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। साथ ही पीड़ितों को राहत मुहैया कराने का भरोसा दिलाया। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रेल हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
भोपाल रेलमंडल के प्रबंधक घनश्याम सिंह के अलावा वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य पर नजर रखे हुए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। राहत एवं बचाव कार्य में सेना के हेलीकाप्टर की भी मदद लेनी पड़ी।
भोपाल रेल मंडल के शिवपुरी जिले के बदरवास स्टेशन पर सोमवार की सुबह इंदौर-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी थी, तभी शिवपुरी की ओर से आ रही मालगाड़ी ने सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में इंटर सिटी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस हादसे में 23 यात्रियों की मौत हो चुकी है, वहीं 50 यात्री घायल हैं। घायलों को गुना, शिवपुरी, झांसी और बदरवास के अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
शिवपुरी के कलेक्टर राजकुमार पाठक के मुताबिक घायलों को समय पर बेहतर सुविधा दिलाने के मकसद से झांसी से सेना के हेलीकॉप्टर बुलाए गए और गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को उपचार के लिए झांसी भेजा गया। अन्य 13 यात्रियों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
इस हादसे में यात्री गाड़ी के आगे के तीन डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक के ऊपर एक डिब्बा चढ़ गया। हादसे के बाद अन्य डिब्बों में सफर कर रहे यात्रियों और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इसके चलते घायलों को समय से अस्पतालों तक पहुंचाया जा सका।
क्षतिग्रस्त डिब्बों को कटर की मदद से काटकर शवों एवं घायलों को निकाला गया। इस हादसे में जो तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं वे सभी सामान्य श्रेणी के डिब्बे थे और इनमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों के परिजनों को हादसे की जानकारी देने के लिए इंदौर, भोपाल, झांसी, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर और उज्जैन में हेल्प लाइन स्थापित किए गए हैं। घटनास्थल पर भी चिकित्सकों का दल तैनात रहा जिन्होंने घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।
बताया गया है कि हादसे के बाद बदरवास स्टेशन के तमाम जिम्मेदार अधिकारियों के अलावा मालगाड़ी का चालक फरार हो गया। वहीं गुना, शिवपुरी और बदरवास चिकित्सालय के बाहर यात्रियों के परिचितों तथा परिजनों का दिनभर जमावड़ा लगा रहा।
नई दिल्ली में रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपये और आंशिक रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी। बयान के मुताबिक हादसे में मारे गए लोगों के परिवार के एक-एक सदस्य को रेलवे में नौकरी भी दी जाएगी। रेल मंत्री ने अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications