गोलीबारी के दूसरे दिन पटरी पर लौटा जीवन
नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। पुरानी दिल्ली में जामा मस्जिद के नजदीकी इलाकों में रविवार की गोलीबारी के दूसरे दिन एक बार फिर जीवन पटरी पर लौट आया है। सोलहवीं शताब्दी की इस मस्जिद के नजदीक हुई गोलीबारी में दो ताईवानी घायल हो गए थे लेकिन सोमवार को यहां पर्यटकों की पहले जैसी आमद रही और आसपास की दुकानें भी खुली रहीं।
आस्ट्रेलिया और ब्रिटेन की सरकारों के अपने नागरिकों को संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की सलाह दिए जाने के बावजूद सोमवार सुबह इस ऐतिहासिक मस्जिद के नजदीक करीब 35 विदेशी सैलानी दिखे जबकि लाल किला देखने के लिए और भारी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे।
ब्रिटिश पर्यटक स्टीव कोल ने जामा मस्जिद से बाहर आने के बाद आईएएनएस से कहा, "हां, थोड़ी सी चिंता है लेकिन हमारे साथ के सभी लोग बहुत उत्साहित हैं। भय की कोई बात नहीं हैं.न ही हम लोगों की भारत में अपनी छुट्टियां कम करने की कोई योजना है।"
रविवार सुबह जामा मस्जिद देखने के बाद जब पर्यटकों का एक समूह अपनी बस में सवार हो रहा था, उसी समय वहां मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो बंदूकधारियों ने उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दिया था। गोलीबारी में दो ताईवानी पर्यटक घायल हो गए थे।
मस्जिद के गेट नं. तीन पर सुबह 11 बजे के आसपास गोलीबारी की यह घटना हुई थी।
वैसे सोमवार को आसपास के इलाकों में पुलिस की भारी मौजूदगी रही लेकिन इसके बाद भी दुकानें सामान्य ढंग से खुली रहीं और रिक्शा चालकों ने भी उत्सुकता से अपनी सवारियों का इंतजार किया।
एक रिक्शाचालक मोनू ने कहा, "हमें कोई डर नहीं है। घटना हुई और हम उससे बाहर निकल आए बस इतना ही है लेकिन हम प्रार्थना करते हैं कि अपराधी जल्दी ही पकड़ लिए जाएं। यदि पर्यटक डरते हैं तो इससे हम भी प्रभावित होंगे।"
वहां सुबह 7.30 बजे से तैनात एक पुलिसकर्मी ने कहा कि लोग भयभीत या अचंभित नहीं है। डर की कोई बात नहीं है लेकिन यहां कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा, "हम नए चेहरों या संदिग्धों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।"
राजधानी के अन्य पर्यटक स्थलों और राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन स्थलों के नजदीक भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications