सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल श्रीनगर पहुंचा (लीड-1)
जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य सभी प्रमुख राजनीति दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जम्मू का दौरा करेगा।
यह प्रतिनिधिनिमंडल राज्य के प्रमुख नेताओं, कारोबारी प्रतिनिधियों, महत्वपूर्ण नागरिकों से मिलने के साथ ही अलगाववादी नेताओं से भी मुलाकात कर सकता है। श्रीनगर हवाई अड्डे पर प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने के समय सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। घाटी में हिंसा की आशंका के मद्देनजर सोमवार को कर्फ्यू जारी है।
प्रमुख अलगावादी नेता सैय्यद अली शाह गिलानी ने सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इंकार कर दिया है। दूसरी ओर दो अन्य अलगाववादी नेताओं मीरवाइज उमर फारूख और यासीन मलिक ने कहा कि वे इस बारे में लिखित निमंत्रण मिलने के बाद फैसला करेंगे।
राज्य के कानून एवं संसदीय कार्य मंत्री अली मुहम्मद सागर ने बताया, "अलगवादी नेताओं को लिखित निमंत्रण भेज दिया गया है। हम इस पर सकारात्मक उत्तर की उम्मीद करते हैं।"
उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितम्बर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक सर्वदलीय बैठक हुई थी। इसी बैठक में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जम्मू एवं कश्मीर भेजने का निर्णय लिया गया था। बीते 11 जून से घाटी में जारी हिंसा में अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications