मध्य प्रदेश में रेल हादसा, 13 मरे, 50 घायल
भोपाल। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोमवार सुबह इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटर सिटी एक्सप्रेस और मालगाड़ी के बीच हुई टक्कर में 13 यात्रियों की मौत हो गई और 50 यात्री घायल है। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों को भेजा जा रहा है।
भोपाल मंडल के रेल प्रबंधक घनश्याम सिंह के मुताबिक सोमवार की सुबह इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की शिवपुरी जिले के बदरवास स्टेशन के करीब मालगाड़ी से टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौत हो गई और 50 यात्री घायल हैं। घायलों को गुना, शिवपुरी और बदरवास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बाद यात्री गाड़ी के आगे के तीन ड़िब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हादसे के बाद अन्य डिब्बों में सफर कर रहे यात्रियों और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। इसके चलते घायलों को समय से अस्पतालों तक भेजा जा सका। बताया गया है कि क्षतिग्रस्त हुए डिब्बों को कटर की मदद से काटकर शवों एवं घायलों को निकाला जा रहा है। इस हादसे मे जो तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हुए हैं और वे सभी सामान्य डिब्बे हैं। इनमें बड़ी संख्या में यात्री थे।
भोपाल रेलमंडल के प्रबंधक घनश्याम सिंह के अलावा वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल को रवाना हो गए हैं। वहीं गुना से राहत रेलगाड़ी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। इसके अलावा कोटा और झांसी आदि स्थानों से राहत रेलगाड़ी भेजी गई है।












Click it and Unblock the Notifications