तेलंगाना मुद्दे पर आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल में मतभेद
हैदराबाद, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। अलग तेलंगाना राज्य की मांग के मुद्दे पर आंध्र प्रदेश मंत्रिमंडल में मतभेद गहरा गया है। मंत्री एक-दूसरे पर अपने क्षेत्र को बढ़ावा देने का आरोप मढ़ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के मंत्रियों ने तेलंगाना के गड़बड़ी वाले क्षेत्र में उनके दौरे को बाधित किए जाने पर अपने कुछ समकक्षों और पार्टी के सांसदों की कड़ी आलोचना की।
मंत्रियों ने मुख्यमंत्री के. रोसैया की मौजूदगी में एक-दूसरे पर उंगली उठाई। रोसैया आंध्र क्षेत्र के विधायक हैं।
आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के मंत्रियों ने न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति में क्षेत्र के 42 प्रतिशत कोटे की तेलंगाना वकीलों की मांग का समर्थन करने पर तेलंगाना क्षेत्र के अपने सहयोगियों की आलोचना की।
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के. वेंकट रेड्डी ने पिछले सप्ताह तेलंगाना क्षेत्र के वकीलों के आंदोलन का खुले तौर पर समर्थन किया था और उस क्षेत्र के किसी व्यक्ति को महाधिवक्ता नियुक्त करने की मांग उठाई थी।
सूत्रों का कहना है कि आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के मंत्रियों ने अलग राज्य की मांग के विरोध को लेकर उनके दौरे को बाधित करने के लिए अपनी पार्टी के सहयोगियों को दोषी पाया।
आंध्र और रायलसीमा क्षेत्र के अन्य मंत्रियों के साथ श्रम मंत्री मुकेश गौड़ ने शिकायत की कि सांसद मधु याक्षी गौड़, जी. विवेक, मांडा जगन्नथम एवं जी. सुखेंदर रेड्डी पार्टी हित के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री रोसैया ने मंत्रियों को सलाह दी कि वे संयम बरतें और एकता बनाए रखें। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे तेलंगाना मुद्दे पर श्रीकृष्ण कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications