'संयुक्त उपक्रम में पोस्को की हो सकती है रणनीतिक साझेदारी'
नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार दक्षिण कोरियाई इस्पात कंपनी पोस्को और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के बीच प्रस्तावित 12 हजार करोड़ रुपये के संयुक्त उपक्रम में पोस्को को रणनीतिक हिस्सेदारी देने के खिलाफ नहीं है।
यहां एक वैश्विक सम्मेलन के मौके पर इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा, "सैद्धांतिक रूप से हम संयुक्त उपक्रम में पोस्को को रणनीतिक हिस्सेदारी देने के विरोध में नहीं है, इसके लिए हम कुछ महीनों में कैबिनेट की मंजूरी हासिल करने में लगे हैं।"
सेल और पोस्को की बोकारो में एक संयुक्त उपक्रम लगाने की योजना पर बातचीत चल रही है। प्रस्तावित संयंत्र से 15 लाख टन उच्च कोटि के इस्पात का उत्पादन होगा।
सिंह ने कहा कि कंपनियों के बीच समझौता अगले दो से तीन माह के भीतर हो जाने की संभावना है। अधिकारियों के मुताबिक सेल के बोकारो स्थित इस्पात संयंत्र के 2500 एकड़ क्षेत्र में यह परियोजना लगाई जाएगी जिस पर करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications