सुभाष के राजद छोड़ने पर लालू ने कहा, नहीं पड़ेगा फर्क (लीड-1)
सुभाष के पार्टी छोड़ने की घोषणा के बाद लालू ने कहा कि किसी नेता के पार्टी छोड़ने से पार्टी के स्वास्थ्य पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने दावे के साथ कहा कि बिहार में किसी भी सूरत में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार नहीं बनेगी।
पार्टी छोड़ने पर सुभाष को शुभकामनाएं देते हुए लालू ने कहा, "वह कम से कम धोखेबाज नहीं हैं।"
सुभाष द्वारा उन्हें राजनीति से संन्यास लेने की दी गई सलाह के विषय पर पूछने पर उन्होंने कहा, "साला है तो मजाक नहीं करेगा। आप लोगों को मेरे साले से बहुत मोहब्बत है। पार्टी छोड़ देने से क्या वह मेरा साला नहीं रहेगा?"
उन्होंने राजग पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश की सरकार घोटालों की सरकार है। उन्होंने कहा कि वे तांत्रिक तो नहीं हैं परंतु हवा का रुख बता रहा है कि किसी भी स्थिति में राजग की सरकार यहां नहीं बनेगी।
सुभाष ने इससे पहले एक संवाददाता सम्मेलन में राजद छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान के साथ राजद में रहना उनके लिए मुश्किल हो गया था। उन्होंने दावा किया कि अगले विधानसभा चुनाव में राजद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) का गठबंधन 25 से 30 सीटों पर सिमट जाएगा।
सुभाष ने लालू को राजनीति से संन्यास लेने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें राजनीति से संन्यास लेकर युवाओं को आगे आने का मौका देना चाहिए। उन्होंने लालू पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजद अब अपने उद्देश्यों से भटक गया है।
पत्रकारों द्वारा नए ठिकाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि 25 सितंबर के पूर्व वह इसकी घोषणा करेंगे और इससे पहले वह अपने लोगों से इस विषय में बात करेंगे।
उन्होंने नीतीश कुमार की सरकार की तारीफ करते हुए भी कहा कि इस सरकार ने बिहार में विकास की जो पहल की है, वह स्वागत योग्य है। उन्होंने नीतीश सरकार में कानून व्यवस्था में भी सुधार होने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि साधु यादव पहले ही राजद छोड़ कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications