कर्नाटक में मंत्रिमंडल विस्तार पर मंत्रियों और विधायकों की धमकी
बहरहाल, मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा मंत्रिमंडल विस्तार पर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के लिए प्रदेश अध्यक्ष के. एस. ईश्वरप्पा के साथ सोमवार को दिल्ली पहुंच गए हैं।
मुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचते ही खेल व युवा मामलों के मंत्री गुल्लीहट्टी शेखर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "यदि मुझे मंत्रिपरिषद से बाहर किया गया तो मैं आत्महत्या की संभावना से इंकार नहीं कर सकता।"
शेखर उन पांच निर्दलीय विधायकों में हैं जिन्होंने कर्नाटक या यूं कहें दक्षिण भारत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनाने में मदद की थी। 225 सदस्यीय विधानसभा में मई 2008 में भाजपा बहुमत के जादुई आंकड़े से पीछे थी। ऐसे में इन निर्दलीय विधायकों के समर्थन से येदियुरप्पा की सरकार बनी थी।
राज्य के पब्लिक लाइब्रेरी और शिक्षा मंत्री के. शिवनगौड़ा नाइक ने कहा है कि मंत्रिमंडल से यदि उन्हें बाहर किया गया तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। नाइक ने जनता दल (सेक्यूलर) के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया और भाजपा के टिकट पर उपचुनाव जीता।
मंत्रिमंडल विस्तार में जगह पाने का दावा करने वाले पार्टी के एक विधायक बेलुर गोपालकृष्णा ने चेतावनी दी है, "यदि मुझे मंत्री नहीं बनाया गया तो कम से कम 20 विधायक पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।"
इन सबके बीच, पर्यटन मंत्री जी. जर्नादन रेड्डी ने बेल्लारी में कहा है कि इनमें से किसी को भी मंत्रिपरिषद से बाहर किए जाने का प्रश्न ही नहीं उठता। ज्ञात हो कि रेड्डी ने पांचों निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी।
उन्होंने कहा, "इन्होंने पार्टी को उस वक्त मदद की जब पार्टी को उनकी जरूरत थी। मैंने पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी से इस मसले पर बातचीत की है। उन्हें नहीं हटाया जाएगा।"
इस बीच, येदियुरप्पा और ईश्वरप्पा ने नई दिल्ली में गडकरी से मुलाकात कर संभावित मंत्रिपरिषद विस्तार पर चर्चा की।
मंत्रियों और विधायकों की धमकियों को नजरअंदाज करते हुए ईश्वरप्पा ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा, "विधायकों की मंत्री बनने की इच्छा स्वाभाविक है लेकिन भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। हम उन्हें समझा लेंगे।"
कर्नाटक मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री सहित 34 मंत्री हो सकते हैं। तीन मंत्रियों द्वारा त्याग पत्र देने से मंत्रालय में तीन पद रिक्त हैं।
उल्लेखनीय है कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री रामचंद्र गौड़ा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एच. हलप्पा एस. एन. कृष्णया शेट्टी विभिन्न आरोपों के मद्देनजर पहले ही मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications