कराची में हिंसा, 13 मरे
अवैस सलीम
इस्लामाबाद, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची शहर में जारी हिंसा के ताजा दौर में रविवार से अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों के पांच कार्यकर्ताओं सहित कम से कम 13 लोग मारे गए।
मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (एमक्यूएम) के नेता इमरान फारुख की लंदन में हत्या हो जाने के बाद हत्याओं की ताजा घटनाएं हुई हैं। उनकी हत्या के बाद कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका की वजह से शहर बंद रहा।
मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने सड़क किनारे स्थित एक कैफे पर गोलियां बरसाई। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाए जाते समय दम तोड़ दिया। मारे गए सभी व्यक्ति एक धार्मिक संगठन के सदस्य बताए जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति मालिर में जबकि तीन अन्य कोरंगी में मारे गए। यूसुफ प्लाजा के निकट गोलीबारी में फरहान नाम का एक राजनीतिक कार्यकर्ता मारा गया। रिजविया सोसायटी में तनवीर नाम के शख्स की मौत हो गई।
सिंध के गृहमंत्री जुल्फिकार मिजा ने पुलिस को आदेश दिया है कि कानून एवं व्यवस्था बिगाड़ने वालों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा, "हम किसी को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ इस शहर की शांति भंग नहीं करने देंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications