अब जूतों पर बॉलीवुड की छाप!
मुंबई, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। शू डिजाइनर रोहन अरोड़ा यहां चल रहे 'लक्मे फैशन वीक' (एलएफडब्ल्यू) में जूते-चप्पलों का एक अनूठा संग्रह पेश करेंगे। इन जूतों पर हाथ से बॉलीवुड कलाकारों और फिल्मी पोस्टरों की पेंटिंग्स बनाई गई हैं।
कोलकाता के डिजाइनर अरोड़ा बॉलीवुड से प्रेरित उनका संग्रह मंगलवार को एलएफडब्ल्यू में प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने फैशन सप्ताह के लिए 16 जोड़ी जूते तैयार किए हैं और कहते हैं कि उनका यह संग्रह पुराने हिंदी गीतों और फिल्मों को समर्पित है।
अरोड़ा ने आईएएनएस से कहा, "यह बॉलीवुड से प्रेरित संग्रह है। इसके जरिए मैं पुराने बॉलीवुड की हाथों से पोस्टर पेंट करने वाली कला को पुनर्जीवित करना चाहता हूं। जूतों पर ये सभी पेंटिंग्स उन लोगों ने बनाई हैं जो कभी हाथों से पोस्टर पेंट करते थे।"
उन्होंने कहा, "इस समय उनमें से ज्यादातर के पास काम नहीं है। उनमें से कुछ कोलाकाता में रिक्शा खींचते हैं और कुछ छोटे-छोटे रेस्तरां में वेटर का काम करते हैं। इसलिए मैंने इस कला को पुनर्जीवित करने के लिए किसी तरह से उनमें से कुछ से मुलाकात की।"
ये जूते दो सप्ताह में बनाए गए थे। इनकी कीमत 4,000 से 10,000 रुपये तक है। इन जूतों की खासियत है कि इन्हें पूरी तरह से हाथ से बनाया गया है।
अरोड़ा कहते हैं, "जूतों में सब कुछ हाथ से बनाया गया है। हमने सिर्फ सिलाई मशीन का ही इस्तेमाल किया, बाकी पूरा काम हाथ से हुआ है। जूतों में लगी लकड़ी की एड़ियां भी हाथों से तराशी गई हैं।"
अरोड़ा कोलकाता में पिछले दो साल से अपनी जूतों की कार्यशाला चला रहे हैं। इस संग्रह के लिए उन्होंने पांच कलाकारों से काम लिया था।
उन्होंने बताया कि वह पिछले छह महीने से पेंट किए जूतों पर काम कर रहे हैं। जब फिल्मी पोस्टर बनाने वाला एक कलाकार उनके संपर्क में आया तो उन्होंने सोचा कि क्यों ना जूतों पर फिल्मी पोस्टर बनाए जाएं। अरोड़ा ने बताया कि शो से पहले ही उनके पास इन जूतों के कुछ ऑर्डर आ चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications