'खुले मन' से आया है सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल : चिदम्बरम (लीड-2)
इस बीच, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने आईएएनएस से कहा कि प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के लिए उनकी पार्टी ने वरिष्ठ नेता मुहम्मद दिलावर मीर के नेतृत्व में एक दल को भेजने का फैसला किया है।
उन्होंने सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस के संदर्भ में कहा, "दौरे को सत्ताधारी पार्टी ने हाइजैक कर लिया है।"
हुर्रियत नेताओं ने प्रतिनिधिमंडल को ज्ञापन सौंपने की बात कही है।
इससे पहले, भारी सुरक्षा के बीच यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार सुबह श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से सीधे शेर-ए-कश्मीर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन परिसर पहुंचा। मुख्यधारा के राजनीतिक दलों के अलावा प्रतिनिधिमंडल घाटी के प्रमुख नागरिकों से भी मुलाकात करेगा।
इस अवसर पर इकट्ठा हुई भीड़ को संबोधित करते हुए चिदम्बरम ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल खुले मन से यहां आया है और इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जनता से मुखातिब होना, उनकी समस्याओं को गौर से सुनना और घाटी को हिंसा के दुष्चक्र से निकालना है।
जम्मू एवं कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचा यह प्रतिनिधिमंडल राज्य के प्रमुख नेताओं के अलावा कारोबारी प्रतिनिधियों, महत्वपूर्ण नागरिकों से मिलगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य सभी प्रमुख राजनीति दलों के प्रतिनिधि शामिल हैं।
हुर्रियत नेता मीरवाइज उमर फारुख ने प्रतिनिधिमंडल को 'एक मुखौटा' करार देते हुए कहा कि वह उससे मुलाकात नहीं करेंगे। अलगाववादी नेता यासिन मलिक भी प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिलेंगे।
प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिलने का फैसला करते हुए हुर्रियत के नरमपंथी धड़े के नेता मीरवाइज ने कहा कि यह दौरा एक 'मुखौटा और मजाक' है।
जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के अध्यक्ष मुहम्मद यासिन मलिक ने कहा कि वह प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिलेंगे लेकिन उनकी पार्टी ने एक ज्ञापन सौंपा है।
मलिक ने कहा, "उन्हें कश्मीर की जनता की धड़कन को समझना चाहिए। इस दौरे का कोई मतलब नहीं यदि वे केवल यहां आकर चले जाना चाहते हैं।"
उल्लेखनीय है कि बीते 15 सितम्बर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर एक सर्वदलीय बैठक हुई थी। इसी बैठक में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जम्मू एवं कश्मीर भेजने का निर्णय लिया गया था। बीते 11 जून से घाटी में जारी हिंसा में अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications