सुरक्षित पर्यटक स्थल है भारत : शैलजा
शैलजा ने हालांकि यह भी कहा कि सोमवार को जामा मस्जिद के करीब ताइवानी पर्यटकों की बस पर हुए हमले के बाद ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी परामर्श जारी किया है। दोनों देशों ने अपने नागरिकों को भारत प्रवास के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है।
शैलजा ने ताइवानी पर्यटक बस पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा, "पर्यटकों की बस पर हुआ यह हमला इस बात की ओर से इशारा करता है कि समाज में अशांति फैलाने को आतुर लोग अपने मकसद को लेकर कितने परेशान हैं।"
शैलजा ने पर्यटकों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों से 'ऐसी घटनाओं से परेशान नहीं होने की सलाह दी क्योंकि भारत पर्यटकों के लिए सुरक्षित स्थान है और सरकार पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर कृतसंकल्प है।'
ब्रिटेन के उच्चायोग ने सोमवार को एक परामर्श जारी करते हुए कहा, "भारत में आतंकी हमले का गंभीर खतरा है। आतंकवादियों ने खास तौर पर उन स्थानों को निशाने पर लिया है, जहां विदेशी पर्यटकों का आना-जाना होता है। ऐसे में भारत में रहते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।"
इसी तरह का परामर्श आ्स्ट्रेलियाई विदेश विभाग ने भी जारी किया है। वेबसाइट 'एबीसी डॉट नेट डॉट एयू' के मुताबिक विभाग ने कहा है कि नई दिल्ली में 'आतंकवादी हमले की बहुत अधिक आशंका है।'
नई दिल्ली में 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 53 देशों के 7000 खिलाड़ी और प्रतिनिधि शरीक होंगे। 1982 के बाद भारत में होने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications