दिल्ली में आतंकी हमले का बहुत ज्यादा खतरा : आस्ट्रेलिया
सिडनी/नई दिल्ली, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया ने दिल्ली में गोलीबारी की एक घटना में रविवार को ताइवान के दो नागरिकों के घायल होने के बाद अपने नागरिकों को दिल्ली में आतंकवादी हमले का अंदेशा होने के चलते विशेष सर्तकता बरतने को कहा है।
आस्ट्रेलिया के विदेश विभाग ने दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बाहर विदेशी पर्यटकों को निशाना बनाए जाने के बाद नए सिरे से अपने नागरिकों के लिए पर्यटन संबंधी परामर्श जारी किया है।
'एबीसी डॉट नेट डॉट एयू' ने सोमवार को खबर दी है कि आस्ट्रेलियाई विदेश विभाग ने कहा है कि दिल्ली में आतंकवादी हमले का बहुत ज्यादा खतरा है।
आस्ट्रेलिया के खेल मंत्री मार्क अर्बीब ने यात्रा संबंधी परामर्श पर ध्यान देने को कहा है। अर्बीब ने कहा, "आस्ट्रेलियाई नागरिकों से अनुरोध किया जाता है कि वे दिल्ली सहित भारत की यात्रा के दौरान बेहद चौकसी बरतें। हमें लगातार रपटे मिल रही हैं कि नई दिल्ली, मुम्बई और अन्य शहरों में आतंकवादी हमले का खतरा है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। राष्ट्रमंडल खेल संघ के माइक कूपर ने इस बारे में टिप्पणी की है। कूपर ने कहा है कि भारत सरकार की ओर से सुरक्षा के लिए बड़ा दस्ता मुहैया कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में करीब 100,000 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और आस्ट्रेलिया में राष्ट्रमंडल खेल संस्था से भी उसकी तैयारियों पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि वह समझते हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर जाने वाली टीमों पर सख्त नियम लागू रहेंगे।
अर्बीब ने कहा, "एक बार फिर कहता हूं कि यदि आप दिल्ली जा रहे हैं तो आप बेहद चौकसी बरतिए, विशेष तौर पर सार्वजनिक स्थलों पर सचेत रहिए।"
दिल्ली में तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 71 देशों के 7000 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार को दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बाहर गोलीबारी में ताइवान के दो नागरिक घायल हो गए थे।
गोलीबारी की यह घटना राष्ट्रमंडल खेल शुरू होने से महज दो सप्ताह पहले हुई है।
पिछले सप्ताह विदेश सचिव निरुपमा राव ने राष्ट्रमंडल देशों के उच्चायुक्तों को सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी देते हुए उनकी आशंकाएं दूर की थी।
आस्ट्रेलिया में सुरक्षा सलाहकार रोजर हेननिंग ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान हमले की 80 फीसदी आशंका है। उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलियाई दल को सुरक्षा मिल सकती है लेकिन इसके बावजूद वह असुरक्षित हो सकती है।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वे 30 से 40 के बीच होंगे। वे संभवत: दुनिया के बेहतरीन लोगों में से होंगे लेकिन वे 500 की निगरानी कैसे करेंगे, मैं नहीं जानता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications