विनोद सिन्हा को 10 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा गया
सिन्हा को सीबीआई अदालत के न्यायाधीश पंकज कुमार के समक्ष पेश किया गया था, जहां उन्होंने सिन्हा की हिरासत की मांग को मंजूरी दे दी।
सिन्हा को गुरुवार को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया था और उन्हें न्यायालय में पेश करने के लिए शनिवार को रांची ले जाया गया। शुक्रवार को दिल्ली के एक न्यायालय ने सिन्हा को रांची ले जाने के लिए सीबीआई को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी थी।
आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, विनोद सिन्हा और दूसरे लोगों के घरों समेत देश के 69 स्थानों पर छापे मारे थे, जिसके बाद सिन्हा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
जांचकर्ता एजेंसी ने बताया कि सिन्हा के पास आधे दर्जन से अधिक कंपनियां हैं और इसने हवाला के जरिए बाहर के देशों में हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया है।
एजेंसी के मुताबिक सिन्हा ने सितंबर 2006 से लेकर अगस्त 2008 तक पूर्व मुख्यमंत्री के संबंधों का इस्तेमाल अपना व्यवसाय जमाने के लिए किया। इस दौरान उसने अवैध रूप से रुपये की कमाई की।
हवाला के दो व्यापारी मनोज पुनमिया और अरविंद व्यास को दो महीने पहले गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने मधु कोड़ा और उनके सहयोगियों की ओर से विदेशी स्थानों दुबई, थाईलैंड और अन्य जगहों पर सैकड़ों करोड़ रुपये भेजे।
इस मामले में दूसरा आरोपी और कोड़ा का करीबी संजय चौधरी अभी भी पकड़ से बाहर है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री घोटाले के आरोप में नवंबर महीने से जेल में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।