भारत ने पाकिस्तान को दी 2 करोड़ डॉलर की मदद
संयुक्त राष्ट्र, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में बाढ़ राहत के कार्यो में मदद देने के लिए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरदीप सिंह पुरी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून को शुक्रवार को दो करोड़ डॉलर का चेक प्रदान किया।
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि अब्दुल्ला हुसैन हारून की मौजूदगी में शुक्रवार को पुरी ने मून को यह चेक सौंपा।
पुरी ने इस दौरान प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा की ओर से अपने पाकिस्तानी समकक्षों से एकजुटता और समर्थन के लिए किए गए वादों को दोहराया।
पुरी ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं देशों की सीमाएं नहीं पहचानतीं। यह एक तुच्छ सहायता है लेकिन भारत सरकार के शीर्ष स्तरों की ओर से महत्वपूर्ण संदेश दिया जा रहा है कि पाकिस्तानी आवाम की मुश्किल घड़ी की इस घड़ी में भारतीय जनता उसके साथ है।
गौरतलब है कि दो करोड़ डॉलर की धनराशि भारत सरकार द्वारा दी गई पांच लाख अमेरिकी डॉलर की उस धनराशि के अतिरिक्त होगी, जो उसने पहले ही पाकिस्तान में राहत कार्य के लिए विश्व खाद्य कार्यक्रम के तहत दी थी।
पुरी ने कहा कि भारत प्राकृतिक आपदाओं की त्रासदी से परिचित है। अतंर्राष्ट्रीय समुदाय का सदस्य और पाकिस्तान का पड़ोसी होने के नाते भारत अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी समझता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications