उत्तराखण्ड में बादल फटा, 5 मरे, 12 मलबे में दबे
हरिद्वार जिले के गंगनहर थाने के तहत इब्राहीमपुर गांव में शनिवार तड़के भारी बारिश के चलते एक मकान के भरभरा कर गिर जाने से उसमें रह रहे पांच व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
अल्मोड़ा के पुलिस उपाधीक्षक सी.डी. पंत ने बताया कि जिले में दो जगह बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। एक घटना देवली गांव में तो दूसरी बब्बर खाते के पास हुई। देवली गांव में मूसलाधार बारिश में दो मकान बह गए और एक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मलबे के नीचे 12 लोगों के दबे होने की आंशका है। उन्होंने बताया कि जान-माल की हुई क्षति का अभी पूरा आकलन नहीं हो पाया है। राहत कार्य के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।
पंत ने बताया कि भारी बारिश के कारण प्रशासन को राहत कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बब्बर खाते के पास हुई घटना में कोई भारी क्षति नहीं हुई है।
गौरतलब है कि राज्य में गुरुवार से ही मूसलाधार बारिश जारी है। इस कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।
मूसलाधार बारिश का दौर पूरे गढ़वाल क्षेत्र में भी जारी है। प्रशासन ने अनहोनी से बचने के लिए उत्तरकाशी जिले के सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश जारी किया है। राजधानी देहरादून में भी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लोगों को जगह-जगह जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
राज्य मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। राज्य के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications