भारत सहित 3 देशों के समुद्री जहाजों का अभ्यास जारी
नई दिल्ली, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के 11 नौसेना जहाज डरबन के पास अभ्यास कर रहे हैं। तीनों देशों का यह दूसरा अभ्यास कार्यक्रम 13 से 27 सितम्बर तक के लिए निर्धारित है और इसमें कई प्रकार के अभ्यास शामिल हैं।
नौसेना के विभिन्न आयामों को ध्यान में रखते हुए सर्वोत्तम तरीके के अभ्यास कराए जा रहे हैं। भारतीय नौसेना की ओर से मैसूर, तबार, गंगा और आदित्य जहाज, दक्षिणि अफ्रीकी नौसेना की ओर से अमातोल, स्पिओन्कोप, ड्रेकन्सबर्ग, र्काट मैक्सेक, क्वीन मोदजाद्जी-1 तथा गलेशेव तथा ब्राजीली नौसेना जहाज नितेरोई, लिन्क्स एवं सीकिंग्स समेत एसोसियेटेड इंटेग्रल हेलीकॉप्टर इसमें शामिल हुए हैं। तीन देशों के नौसेना जहाजों का ऐसा पहला सम्मिलित अभ्यास मई, 2008 में दक्षिण अफ्रीका में हुआ था।
इब्सा (भारत-ब्राजील-दक्षिण अफ्रीका) एक ऐसा मंच है, जिसमें तीन विभिन्न महाद्वीपों से तीन बड़े लोकतांत्रकि देश सम्मिलित होते हैं जो एक जैसी ही समस्याओं का सामना कर रहे हैं। तीनों देशों के 16 संयुक्त कार्यकारी समूह हैं जो विभिन्न सहकारी प्राथमिकताओं का ध्यान रखते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।