सोनिया से मिलने के बाद फारूक बोले, पद नहीं छोड़ेंगे उमर (लीड-1)
नई दिल्ली, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उनके पुत्र एवं जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पद नहीं छोड़ेंगे। फारूक ने गुरुवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद यह बात कही।
उमर अब्दुल्ला को कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी द्वारा समर्थन और समय दिए जाने की बात कहे जाने के बाद उमर के पिता एवं केन्द्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने आईएएनएस को बताया कि सोनिया के आवास 10, जनपथ पर फारूक ने लगभग 25 मिनट तक कांग्रेस अध्यक्ष से बातचीत की। फारूक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री हैं।
फारूक कांग्रेस कोर कमेटी की तीसरी बैठक के बाद सोनिया से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री से भी मुलाकात हुई, जिसमें उन्होंने हिंसाग्रस्त कश्मीर के ताजा हालात से उन्हें अवगत कराया।
इससे पहले कोलकाता में राहुल ने कहा, "मुझे लगता है कि उमर चुनौतियों से जूझ रहे हैं। कश्मीर चुनौतियों से भरा राज्य है। उन्हें समय और समर्थन दिए जाने की जरूरत है।"
उधर, श्रीनगर में उमर ने कहा कि वह 'राहुल के प्रति आभारी' हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications