अमेरिका का हर सातवां आदमी गरीब
वाशिंगटन। विश्व के सबसे ताकतवर और धनी देश अमेरिका का हर सातवां व्यक्ति गरीबी का शिकार है। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा जारी एक रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2009 में देश में गरीबों की संख्या में लगभग दस फीसदी इजाफा हुआ है। गरीबी के शिकार लोगों की संख्या अब 4.36 करोड़ हो गई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक गरीबों का यह आंकड़ा अमेरिका की जनसंख्या का 14.3 फीसदी हिस्सा है। आंकड़े के मुताबिक अमेरिका का हर सातवां व्यक्ति गरीब है। वर्ष 2008 में 3.98 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे थे जो यहां की जनसंख्या का 13.2 फीसदी हिस्सा था।
अमेरिका में गरीबी के शिकार लोगों की संख्या में लगातार तीसरे साल भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल अमेरिका में बेरोजगारी बढ़ने के बाद बगैर स्वास्थ्य बीमा के लोगों की संख्या में वर्ष 2008 में 15.4 फीसदी वृद्धि हुई जबकि वर्ष 2009 में यह आंकड़ा 16.7 फीसदी तक पहुंच गया। गौरतलब है कि अमेरिका में रोजगार प्राप्त अधिकांश लोगों को कंपनी द्वारा स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications