कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री देंगे इस्तीफा!
बेंगलुरू। कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री रामचंद्र गौड़ा ने राज्य के दो सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 350 से अधिक पैरा मेडिकल कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितता के आरोपों के मद्देनजर अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है।
भाजपा के एक सूत्र ने बताया, "उन्होंने मुख्यमंत्री (बी.एस.येदियुरप्पा ) को सूचित किया है कि वह अपने पद से इस्तीफा दे देंगे लेकिन अभी इसकी कोई जानकारी नही है कि रामचंद्रन ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है या नहीं।"
मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने 26 अगस्त को हसन और मैसूर मेडिकल कालेजों में हुई नियुक्तियों को रद्द कर दिया था जिसके बाद स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री रामचंद्रन गौड़ा पर अपने पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव बढ़ गया था। मंत्री ने भर्ती के दौरान होने वाली कथित अनियमितताओं से इंकार कर दिया है।
स्वास्थ्य शिक्षा सचिव आईएम विट्ठल मूर्ति की जांच रिपोर्ट के बाद येदियुरप्पा ने लैब टेक्निशियन, नर्स और अन्य पैरा मेडिकल कर्मचारियों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया। सूत्रों के मुताबिक रामचंद्रन गौड़ा ने पार्टी को शर्मिदगी से बचाने के लिए अपने पद से इस्तीफा देने की पेशकश की है।












Click it and Unblock the Notifications