बराक ओबामा नहीं पहन रहे शादी की अंगूठी
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की अंगुली से इन दिनों उनकी शादी वाली अंगूठी गायब है। कारण-उसे मरम्मत के लिए भेजा गया है! एबीसी ने खबर दी है कम से कम दो दिन से ओबामा के बाएं हाथ की अंगुली से शादी की अंगूठी नदारद दिख रही है।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि इंडोनेशिया में बनी उनकी सोने की अंगूठी को कुछ मरम्मत की जरूरत थी लिहाजा उसे ठीक कराने भेजा गया है। व्हाइट हाउस ने वैसे यह स्पष्ट नहीं किया कि अंगूठी में किस तरह की खराबी आई थी। ओबामा ने मिशेल से तीन अक्टूबर 1992 को शादी की थी।
प्रथम महिला भी अक्सर अपनी शादी की अंगूठी घर पर ही भूल आती हैं। लेकिन इसकी वजह संभवत: फैशन से जुड़ी है। ओबामा के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान आयोजित बाल में मिशेल ने अपनी सगाई की अंगूठी और शादी की अंगूठी नहीं पहन रखी थी। उन्होंने इनकी जगह अपने बुंदों से मेल खाती बड़े आकार की अंगूठी पहन रखी थी। हाल ही में ब्रॉडवे म्यूजिक के सम्मान में व्हाइट हाउस की ओर से दी गई पार्टी में भी मिशेल ने शादी की अंगूठी नहीं पहन रखी थी।












Click it and Unblock the Notifications