कर्नाटक में विधानसभा उपचुनाव सोमवार को
बेंगलुरू, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव सोमवार को कराया जाएगा। यह उपचुनाव सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस एवं जनता दल (सेक्युलर) के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।
चिकमंगलूर जिले के कडूर और गुलबर्गा जिले के गुलबर्गा दक्षिण सीट के लिए 350,000 से अधिक लोग मतदान करेंगे।
गुलबर्गा दक्षिण सीट पर 11 उम्मीदवार चुनावी अखाड़े में हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 210,000 मतदाता हैं। यहां मुख्य मुकाबला तीन पार्टियों के बीच है। शेष आठ निर्दलीय प्रत्याशी हैं।
कडूर में सिर्फ तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा, कांग्रेस एवं जनता दल (सेक्युलर) ने यहां अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 177,000 मतदाता हैं। मतगणना 16 सितम्बर को होगी।
ये उपचुनाव दो विधायकों के.एम. कृष्णमूर्ति (कांग्रेस-कुदुर) तथा चंद्रशेखर पाटिल रेवूर (भाजपा-गुलबर्गा दक्षिण) के निधन के कारण कराए जा रहे हैं।
गुलबर्गा दक्षिण सीट कांग्रेस के लिए काफी महत्वपूर्ण है। पार्टी ने यहां पूर्व मुख्यमंत्री एन. धरम सिंह के पुत्र अजय सिंह को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने यहां सहानुभूति मत पाने की उम्मीद में रेवूर की विधवा अरुणा पाटिल को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। अरुणा का कहना है कि पार्टी ने उनके पुत्र को नामित करने का वादा किया था, जिससे निभाया नहीं गया।
भाजपा ने वरिष्ठ नेता एवं विधान परिषद सदस्य सुशील नामोशी को यहां उम्मीदवार बनाया है।
कडूर में कांग्रेस ने कृष्णमूर्ति के भाई के.एम. केम्पाराजू को मैदान में उतारा है, जबकि जनता दल (सेक्युलर) ने पार्टी प्रवक्ता वाई.एस.वी. दत्ता और भाजपा ने चिकित्सक वाई.सी. विश्वनाथ को प्रत्याशी बनाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications