सलमान ने जताया खेद, विवाद खत्म (राउंडअप)
मुंबई/नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। विवाद के बाद अभिनेता सलमान खान ने मुंबई पर हुए 26/11 के हमले को लेकर की गई अपनी कथित असंवेदनशील टिप्पणी पर माफी मांगी ली है। उन्होंने कहा है कि बयान को 'तोड़ा-मरोड़ा' गया है और उनकी भावना किसी को चोट पहुंचाने की नहीं थी।
इससे पहले सलमान के पिता सलीम खान और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके कथित असंवेदनशील बयान के लिए माफी की मांग की।
सलमान ने एक पाकिस्तानी टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमले से संबद्ध मामले को इसलिए भी तूल मिला क्योंकि इसमें कुलीनों को निशाना बनाया गया था। इसे 'ज्यादा तूल' इसलिए दिया गया था क्योंकि इसमें कुलीन वर्ग को निशाना बनाया गया था और इस हमले में पाकिस्तानी सरकार का हाथ नहीं था। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ट्रेनों और कस्बों पर हमले हुए हैं लेकिन उनकी ऐसी चर्चा नहीं हुई।
सलमान ने कहा कि हर किसी ने इस हमले के बारे में चर्चा की क्योंकि इसमें ताज और ओबेराय होटल को निशाना बनाया गया था। यह आतंकी हमला इसलिए हुआ क्योंकि हमारा सुरक्षातंत्र नाकाम रहा था।
सलमान ने कहा, "हर कोई जानता है कि इस हमले के पीछे पाकिस्तानी सरकार का हाथ नहीं था और यह एक आतंकी हमला था। हमारा सुरक्षातंत्र नाकाम रहा था। इससे पहले भी हमारे यहां कई बार हमले हो चुके हैं और वे सब पाकिस्तान की तरफ से नहीं किये गये थे।"
इस टिप्पणी को लेकर उठे विवाद के बाद 44 वर्षीय अभिनेता ने समाचार चैनल 'आज तक' से कहा, "साक्षात्कार को तोड़ा-मरोड़ा गया है। मैंने उसे स्वयं देखा, जिस तरह से यह टेलीविजन चैनलों पर दिखाया जा रहा है उससे यह असंवेदनशील लगता है। मैं केवल इतना कह रहा हूं कि अमीर और गरीब दोनों के लिए जीवन समान रूप से कीमती है, किसी हमले को मीडिया में ज्यादा महत्व मिलता है और किसी को कम। ऐसा क्यों? हर इंसान का जीवन कीमती है।"
उन्होंने कहा, "दुनिया में कहीं भी आतंकवादी हमला होता है तो वह घृणित है। एक आतंकवादी की कोई राष्ट्रीयता नहीं होती। उसका कोई धर्म नहीं होता और वह साहसी नहीं होता। मुझे अपनी खुफिया एजेंसियों, पुलिस और सशस्त्र सेनाओं पर पूरा विश्वास है।"
उन्होंने कहा, "मैं किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं चाहता था और किसी को ठेस पहुंची है तो मुझे इसके लिए बहुत, बहुत खेद है।"
उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर लिखा है कि विवादों से बचने के लिए वह भविष्य में अपने सभी साक्षात्कारों को खुद भी रिकार्ड करेंगे।
इससे पहले सलमान के पिता सलीम ने कहा कि उन्हें ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। वह बोलने में चतुर और राजनीतिज्ञ नहीं हैं और संभवत: उन्होंने गलत अल्फाज चुने।
सलीम ने कहा, "मैंने जो कुछ भी सुना है, उन्हें वह सब नहीं कहना चाहिए था। यह गलत है..वह बोलने में चतुर या राजनीतिज्ञ नहीं हैं। उन्होंने संभवत: गलत अल्फाज चुने।"
उन्होंने कहा, "उन्हें आकर (मीडिया के समक्ष आकर) माफी मांगनी चाहिए और वह ऐसा करेंगे.. वह यकीनन माफी मांगेंगे और यह बस (उनकी टिप्पणियों का बार-बार प्रसारण)फौरन बंद होना चाहिए।..मैं यह कहना चाहता हूं कि हम ऐसी चीजें न फैलाएं जो आग में घी का काम करे।"
उन्होंने कहा, "अगर उन्होंने किसी को आहत किया है या उनके द्वारा कहे गए अल्फाजों से किसी की भावनाओं को चोट पहुंची है तो उन्हें सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।"
इधर, दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सलमान खान के गैर जिम्मेदाराना बयान की हम कड़ी निंदा करते हैं। वह यह कैसे कह सकते हैं कि सिर्फ अभिजात्य वर्ग के लोगों को निशाना बनाया गया था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि रेलवे स्टेशन पर हुए हमले में आम नागरिक भी मारे गए थे। पाकिस्तानी सरकार और इंटर सर्विसिज इंटेलिजेंस को क्लीन चीट देने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है।"
उन्होंने कहा, "सलमान को अपने इस बयान के लिए तत्काल माफी मांगनी चाहिए।" हुसैन ने कहा, "ऐसे समय में जब मुंबई हमलों से जुड़े सारे सबूत पाकिस्तान और आईएसआई के हाथ होने का इशारा कर रहे हैं, सलमान का यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications