परिजनों ने की लड़की के प्रेमी की हत्या
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में प्रेम प्रसंग के एक मामले में लड़की के घरवालों ने कथित रूप से सम्मान के नाम पर उसके प्रेमी की हत्या कर दी। घटना जिले के उत्तर थाना क्षेत्र के दयालनगर मुहल्ले की है, जहां पूजा (19) के परिजनों ने उसके प्रेमी गौरव (20) की हत्या कर दी।
उत्तर थाना प्रभारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि शव आज मुहल्ले के नाले से बरामद किया गया। शव पर चोट के निशान देखकर प्रतीत हो रहा है कि उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई।
सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते लड़की के परिजनों ने लड़के की हत्या की। इस बात की पुष्टि खुद लड़की ने की। सिंह के मुताबिक पूजा ने बताया कि उसके पिता व दो अन्य भाइयों ने मिलकर प्रेमी गौरव की शनिवार देर रात उस समय हत्या कर दी जब वह उससे चुपके से मिलने आया था। हत्या करके शव को ले जाकर तीनों ने पास के नाले में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक फरार पिता व दो भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। सिंह ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications