कश्मीरी मंत्री के घर पर हमला, गोलीबारी में युवक घायल
इस घटना में चार अन्य लोगों को मामूली चोटे आई हैं। हमले के समय मंत्री आवास के भीतर थे।
पुलिस महानिरीक्षक (दक्षिणी कश्मीर) शफकत अहमद ने कहा, "अनंतनाग जिले के दमहाल खुशीपोरा गांव में रविवार दोपहर करीब 300 लोगों की भीड़ ने सईद के घर पर हमला कर दिया। सुरक्षा बलों ने पहले तो हिंसक भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैसे के गोले दागे, लेकिन जब पथराव कर रही भीड़ हिंसक हो उठी तो उन्हें गोली चलानी पड़ी।"
उन्होंने बताया कि एक प्रदर्शनकारी की शिनाख्त समीर अहमद मलिक के रूप में की गई है। उसे पेट में चोट लगी है और उसे इलाज के लिए श्रीनगर के अस्पताल में ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि चार अन्य घायलों को मामूली चोटे आई हैं।
श्रीनगर में मैसूमा में भी कर्फ्यू का उल्लंघन करने वाली भीड़ पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों को हवा में गोलियां चलानी पड़ी। इससे पहले शहर के सौरा में लोगों की भीड़ ने सुबह कर्फ्यू का उल्लंघन कर पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) पर भारी पथराव किया। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सौरा में पथराव में एक पुलिस अधीक्षक घायल हो गए। कर्फ्यू लागू करने के लिए सुरक्षा बलों को इस पर लाठी चार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।"
श्रीनगर के समीप लेथपोरा गांव में प्रदर्शनकारियों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। यही राजमार्ग घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने वहां से गुजर रहे वाहनों पर पथराव किया।
बारामूला और सोपोर से भी कर्फ्यू का उल्लंघन किए जाने की रपटे मिली हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications