हरियाणा में यमुना के जलस्तर में कमी
पिछले कुछ दिनों से यमुना नदी उफान पर है। इसके कारण यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, भिवानी और झज्जर जिले के तकरीबन 125 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।
यमुनानगर जिले के उपायुक्त अशोक सांगवान ने आईएएनएस को बताया, "यमुनानगर में हालात सामान्य होने लगे हैं। सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। उन्हें डिब्बा बंद भोजन और पानी मुहैया कराया गया है।"
उन्होंने कहा, "75 से अधिक मकान और सड़के क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हम स्थिति सामान्य होने के बाद ही नुकसान का सही हिसाब लगा सकेंगे।"
इस बीच, राज्य की मुख्य सचिव उर्वशी गुलाटी ने कहा, "यमुना में जलस्तर घटने लगा है। इसको लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। हम किसी भी हालात से निपटने को तैयार हैं। सभी उपायुक्तों को सतर्क कर दिया गया है और सेना को भी तैयार रहने को कहा गया है।"
पिछले कुछ दिनों से राज्य और उत्तराखण्ड व हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बारिश होने की वजह से यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
उधर, मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, "हरियाणा के अधिकतर हिस्सों और चण्डीगढ़ में बारिश की स्थिति बनी हुई है। मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications