शहीद सुरेन्द्र सिंह की राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि
जयपुर, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। झुंझुनूं जिले की अलसीसर पंचायत समिति की दिलोई ग्राम पंचायत के श्यामपुरा गांव के 18 जाट रेजिमेन्ट में तैनात शहीद सुरेन्द्र सिंह की शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूर्ण राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई।
शहीद के पार्थिव शव पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं सांसद शीशराम ओला, सहकारिता राज्य मंत्री बृजेन्द्र सिंह ओला, जिला प्रमुख डॉ. हनुमान प्रसाद, मण्डावा विधायक रीटा चौधरी पूर्व सैनिक संगठन व 18 जाट रेजिमेन्ट के कैप्टन धर्मपाल सिंह नालपुर के साथ ही ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों ने पुष्प चक्र, पुष्प माला एवं पुष्प चढ़ाकर अपनी श्रद्घांजलि अर्पित की।
सात जाट रेजिमेन्ट जयपुर के सूबेदार राजकुमार व हवलदार विजेन्द्र सिंह तथा जिला पुलिस की टुकड़ी ने गॉर्ड ऑफ ऑनर देकर हवाई फायर किए। शहीद की चिता को उनके इकलौते सात वर्षीय बेटे खुशी ने मुखाग्नि दी।
इससे पूर्व घर के आंगन में तिरंगे में लिपटे 32 वर्षीय नायक सुरेन्द्र सिंह के पार्थिव शव पर परिजनों एवं ग्रामीणों ने भी पुष्प चढ़ाकर उन्हें अंतिम नमन किया। शहीद के पार्थिव शव को सात जाट रेजिमेन्ट के साथियों एवं परिजनों ने कंधा दिया और शव यात्रा के दौरान जब तक सूरज चांद रहेगा सुरेन्द्र तेरा नाम रहेगा, शहीद सुरेन्द्र सिंह अमर रहे जैसे जोशीले नारे भी लगाए गए।
शहीद के पार्थिव शव के साथ आए 18 जाट रेजिमेन्ट के सूबेदार सुमेर सिंह ने बताया कि 8 सितम्बर की रात 8.30 बजे के लगभग गोहाटी-तिनसुखिया हाइवे 37 पर उग्रवादियों के होने की सूचना मिली थी। यूनिट के 15-20 जवान मोबाइल प्वाइन्ट स्थापित करने के लिए वाहन से जा रहे थे इसी दौरान उग्रवादियों ने निजी वाहन में जा रहे जवानों की गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी जिससे जवानों की गाड़ी पलटी खा गई और मौके पर ही नायक सुरेन्द्र सिंह शहीद हो गए व निजी वाहन चालक की मौत हो गई। युनिट का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेन्ट बिष्ट अभी भी उपचाराधीन हैं।
इंडो-एशियन न्यू सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications