उप-निरीक्षक को पीटने पर 50 महिलाएं नामजद
शाहजहांपुर, 12 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएसआई) पर लड़कियों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एक मुहल्ले की महिलाओं ने थाने में जाकर उसकी पिटाई की। इस मामले में 50 महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला जिले के जलालाबाद थाने का है, जहां प्रताप नगर मुहल्ले की आक्रोशित महिलाओं ने शुक्रवार देर शाम थाने पहुंचकर एसएसआई जगदीश सिंह की पिटाई की। इस दौरान वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो महिलाओं ने उनसे धक्का-मुक्की की।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात इस मामले में 50 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फिलहाल किसी महिला की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जिले के पुलिस अधीक्षक कृष्ण मोहन ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अगर जांच में एसएसआई दोषी पाये गये तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून हाथ में लेने वाली महिलाओं के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं का आरोप है कि एसएसआई पिछले काफी समय से मुहल्ले की लड़कियों और महिलाओं पर सड़क पर आते जाते अश्लील टिप्पणियां करता था, जिससे आजिज आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications