कश्मीर में ताजा हिंसक घटनाओं पर केंद्र की नजर
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "कश्मीर में स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई है। हम राज्य सरकार से नियमित संपर्क बनाए हुए हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "सुरक्षा बलों को ईद के कारण टकराव से बचने को कहा गया था। घाटी में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात हैं। अगर स्थिति और बिगड़ती है तो हम जरूरी कदम उठाएंगे।"
श्रीनगर से प्राप्त सूचना के अनुसार ईद-उल-फितर की नमाज के फौरन बाद श्रीनगर एवं अन्य शहरों के कुछ हिस्सों में बड़ी संख्या में लोगों ने भारत विरोधी प्रदर्शन किया और सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाई।
जुलूस का नेतृत्व कर रहे हुर्रियत कांफ्रेंस के नरम धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक को पुलिस ने उस समय रोक दिया जब वह शहर के बीच स्थित लाल चौक की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने भीड़ को तितर-वितर करने के लिए हवाई फायरिंग की।
उल्लेखनीय है कि प्रदर्शनकारियों एवं सुरक्षा बलों के बीच झड़पों में 11 जून से लेकर अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में ज्यादातर किशोर और युवक थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications