देशभर में लोग गले मिले और कहा, ईद मुबारक (राउंडअप)
दिल्ली में झमाझम बारिश के बावजूद लोगों में ईद का उत्साह बना रहा। मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों लोगों ने सुबह ऐतिहासिक जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और ईदगाह मैदान में नमाज अदा की और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी तथा सांप्रदायिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ ही देश की समृद्धि की कामना की।
मुंबई में आतंकी हमलों की धमकियों से बेपरवाह लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। शहर में 200 से अधिक मस्जिदों में ईद के मौके पर नमाज अदा की गई। बारिश के बावजूद त्योहार के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में 86,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
नवाबों के शहर लखनऊ में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्य में 24 सितम्बर को अयोध्या मामले पर अदालत का फैसला भी आने वाला है।
लखनऊ में सुन्नी समुदाय के मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा, "ईद के मौके पर हमने सांप्रदायिक भाईचारे और देश की समृद्धि की दुआ मांगी। हिंदुओं और मुसलमानों में भाईचारे की भावना मजबूत करने के लिए विशेष इबादत की गई क्योंकि हम नहीं चाहते कि फैसले से हमारी एकता पर कोई प्रभाव पड़े।"
ईद के मौके पर शहर के मुख्य ऐशबाग ईदगाह मैदान में लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नमाज अदा की। मुख्यमंत्री मायावती इस मौके पर ईद की बधाई देने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाह मैदान पहुंचीं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ईद पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई।
बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान सहित विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई। पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद तथा मीतनघट ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इस मौके पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। राज्य के पूर्णिया, भागलपुर, सुपौल, औरंगाबाद, कटिहार सहित कई इलाकों से भी ईद धूमधाम से मनाने की खबर है।
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश पचौरी सहित कई गण्यमान्य नागरिकों ने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई देने भोपाल के मुख्य ईदगाह पर पहुंचे। प्रदेश के कई शहरों में ईद मेला लगाया गया।
कर्नाटक में ईद-उल-फितर त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया। बेंगलुरू में सुबह रिमझिम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए ईदगाह और मस्जिदों में जुटे और एक-दूसरे से गले मिले और बधाइयां दीं। लोगों ने गरीबों को दान भी दिया।
उधर, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में ईद की नमाज के बाद जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। अलगाववादियों ने जहां लाल चौक तक जुलूस निकाला वहीं भीड़ ने पुलिस की बैरक और राज्य बिजली बोर्ड की इमारत को आग लगा दी। हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के प्रमुख मीरवाइज उमर फारुख ने शहर के लाल चौक तक एक विशाल जुलूस की अगुवाई की।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के गुपकार में अपने निवास के समीप एक मस्जिद में ईद की नमाज अदा की। लोगों को ईद की नमाज अदा करने और खुशियां मनाने का अवसर देने के लिए प्रशासन ने घाटी के किसी भी हिस्से में कर्फ्यू या प्रतिबंध नहीं लगाए।
उधर, समूचे आंध्र प्रदेश में भी रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति पर ईद-उल-फितर त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के पुरुषों और बच्चों ने नई पोशाक पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की। सबसे बड़ा आयोजन ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में हुआ, जहां 300,000 से अधिक लोगों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की।
केरल में शुक्रवार को ही ईद मनाई गई, जबकि असम एवं अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश के बीच शनिवार को ईद मनाई गई। मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने त्योहार के अवसर पर लोगों को बधाई दी। पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश एवं नागालैंड में भी त्योहार धूमधाम से मनाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications