देशभर में हर्षोल्लास से मनी ईद-उल-फितर (लीड-1)
नई दिल्ली, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। देशभर में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार धार्मिक आस्था एवं हर्षोल्लास से मनाया गया। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की और एक-दूसरे को इस पवित्र त्योहार की मुबारकबाद दी। उधर, कश्मीर घाटी में ईद की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन हुए।
दिल्ली में झमाझम बारिश के बावजूद लोगों में ईद का उत्साह बना रहा। सैकड़ों मुसलमानों ने सुबह ऐतिहासिक जामा मस्जिद में नमाज अदा की और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी तथा सांप्रदायिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ ही देश की समृद्धि की कामना की।
मुंबई में आतंकी हमलों की धमकियों से बेपरवाह लोगों ने नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। शहर में 200 से अधिक मस्जिदों में ईद के मौके पर नमाज अदा की गई। बारिश के बावजूद त्योहार के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में 86,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
नवाबों के शहर लखनऊ में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। राज्य में 24 सितम्बर को अयोध्या मामले पर अदालत का फैसला भी आने वाला है।
लखनऊ में सुन्नी समुदाय के मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा, "ईद के मौके पर हमने सांप्रदायिक भाईचारे और देश की समृद्धि की दुआ मांगी। हिंदुओं और मुसलमानों में भाईचारे की भावना मजबूत करने के लिए विशेष इबादत की गई क्योंकि हम नहीं चाहते कि फैसले से हमारी एकता पर कोई प्रभाव पड़े।"
ईद के मौके पर शहर के मुख्य ऐशबाग ईदगाह मैदान में लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्र होकर नमाज अदा की। मुख्यमंत्री मायावती इस मौके पर ईद की बधाई देने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाह मैदान पहुंचीं। राज्य के अन्य हिस्सों में भी ईद पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई।
कर्नाटक में गणेश चतुर्थी और ईद-उल-फितर त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाए गए। बेंगलुरू में सुबह रिमझिम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग नमाज के लिए ईदगाह और मस्जिदों में जुटे और एक-दूसरे से गले मिले और बधाइयां दीं। लोगों ने गरीबों को दान भी दिया।
उधर, जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में ईद की नमाज के बाद जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। अलगाववादियों ने जहां लाल चौक तक जुलूस निकाला वहीं भीड़ ने पुलिस की बैरक और राज्य बिजली बोर्ड की इमारत को आग लगा दी। हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के प्रमुख मीरवाइज उमर फारुख ने शहर के लाल चौक तक एक विशाल जुलूस की अगुवाई की।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के गुपकार में अपने निवास के समीप एक मस्जिद में ईद की नमाज अदा की। लोगों को ईद की नमाज अदा करने और खुशियां मनाने का अवसर देने के लिए प्रशासन ने घाटी के किसी भी हिस्से में कर्फ्यू या प्रतिबंध नहीं लगाए।
उधर, समूचे आंध्र प्रदेश में भी रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति पर ईद-उल-फितर त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के पुरुषों और बच्चों ने नई पोशाक पहनकर ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की। सबसे बड़ा आयोजन ऐतिहासिक मीर आलम ईदगाह में हुआ, जहां 300,000 से अधिक लोगों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications