उम्मीद के साथ पाकिस्तानी बाढ़ पीड़ितों ने मनाई ईद
इस्लामाबाद, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में बाढ़ से प्रभावित लाखों लोगों ने शनिवार को इस उम्मीद के साथ ईद-उल-फितर की नमाज अदा की कि देश का समृद्ध वर्ग इस धार्मिक अवसर पर उनके बारे में कुछ जरूर सोचेगा।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने ईद के मौके पर देशवासियों को दिए संदेश में लोगों से आग्रह किया है कि वे जरुरतमंदों की मदद करें। उन्होंने कहा, "आप अपनी खुशी उनके साथ बांटिए जो आपकी तरह खुशकिस्मत नहंी हैं।"
लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदाकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सिंध प्रांत में बाढ़ के कारण बेघर हुए शौकत ने कहा, "हमने यह कभी नहीं सोचा था कि हम दान पर जीवित रहेंगे लेकिन पानी हमारा सब कुछ बहा कर ले गया।" उन्होंने कहा, " ईद का हमारे लिए कोई मायने नहीं है। हम ईद कैसे मना सकते हैं जब हमारे बच्चे भूखों मर रहे हैं।"
ईद से पहले सरकार ने बाढ़ की वजह से विस्थापित हुए प्रत्येक परिवार को 20,000 रुपये मुआवजा देने की घोषणा की थी लेकिन सरकार की यह सहायता राशि प्रभावित परिवारों तक नहीं पहुंच पाई है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री कमर जमां काइरा ने कहा कि ईद से पहले सरकारी योजनाओं को लागू नहीं किया जा सका क्योंकि इसमें कुछ अड़चनें थीं। उन्होंने कहा, " हमने प्रक्रिया शुरू कर दी है और उम्मीद है कि अगले 30 दिनों के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा।"
पाकिस्तानी मुस्लिम लीग-एन के प्रमुख नवाज शरीफ ने इस अवसर पर पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर में स्थित चारसड्डा का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ ईद मनाई।
इस दौरान शरीफ ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार की अक्षमता ही है कि वह ईद के मौके पर समय रहते प्रभावित लोगों की मदद नहीं कर पाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications