दुबई में करजई के परिजनों की अकूत संपत्ति
ब्रिटेन के वरिष्ठ मंत्रियों ने आशंका जताई है कि पश्चिमी देशों द्वारा अफगानिस्तान की सहायता के लिए भेजी गई सहायता राशि का गलत इस्तेमाल किया गया है।
समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' ने इसका खुलासा करते हुए दावा किया है कि करजई के सहयोगियों और करीबी रिश्तेदारों के नाम से दुबई में 90 लाख पाउंड की संपत्ति है जिसमें एक दर्जन से अधिक शानदार अपार्टमेंट शामिल हैं।
दुनिया मे सबसे गरीब देशों में शुमार अफगानिस्तान के राष्ट्रपति करजई की संपत्ति के बारे में यह खुलासा भी किया गया है कि दुबई में संपत्ति खरीदने के लिए अफगानिस्तान के सबसे बड़े निजी बैंक 'काबुल बैंक' से राशि जारी की गई थी।
पत्र ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि काबुल बैंक के पूर्व अध्यक्ष शेर खान फरनूद के नाम से दुबई के पाम जुमेरियाह इलाके में 14 अपार्टमेंट खरीदे गए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक काबुल बैंक ने अपने नाम से भी अपार्टमेंट लिए गए हैं। इसके अलावा बैंक के नाम दो व्यवसायिक भूखण्ड और घाटे में चल रही पामीर एयरलाइंस भी है।
वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रपति करजई के भाई और काबुल बैंक के तीसरे बड़े शेयरधारक महमूद करजई के नाम से चार लाख पाउंड का 'सिगनेचर' अपार्टमेंट है। इसके अलावा महमूद के नाम से तीन लाख पाउंड और एक लाख पाउंड की दो अन्य संपत्तियां भी हैं।
महमूद करजई न केवल अफगानिस्तान के राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखते हैं बल्कि उन्होंने अपने आलीशान बंगले ऐसी जगह खरीदे हैं जहां डेविड बेकहम, माइकल शूमाकर, ब्रेड पिट और एंजेलिना जोली जैसी नामचीन हस्तियों के बंगले मौजूद हैं।
ब्रिटिश सरकार के एक वरिष्ठ मंत्रियों ने इस बात की आशंका जताई है कि दुबई में संपत्तियों की खरीददारी में काबुल बैंक का इस्तेमाल किया गया है। उनका कहना है कि कथित भ्रष्टाचार का यह मामला अफगानिस्तान को स्थायित्व देने के पश्चिमी देशों के प्रयासों की अहमियत को कम करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications