श्रीनगर में ईद की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन
लोगों को ईद की नमाज अदा करने और खुशियां मनाने का अवसर देने के लिए प्रशासन ने घाटी के किसी भी हिस्से में कर्फ्यू या प्रतिबंध नहीं लगाये।
हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के प्रमुख मीरवाइज उमर फारुख ने ईदगाह मैदान में ईद की नमाज के बाद शहर के लाल चौक तक एक विशाल जुलूस की अगुवाई की। इससे पहले यह कार्यक्रम था कि नमाज अदा करने के बाद सभी लोग शांतिपूर्वक वहां से चले जाएंगे और त्योहार की खुशियां मनाएंगे।
एक खुफिया अधिकारी ने बताया, "शहर के लाल चौक तक जुलूस निकालने का मीरवाइज का फैसला यकीनन राष्ट्रविरोधी भावनाएं भड़काने वाला है।"
हजरतबल में ईद की नमाज के बाद बड़ी संख्या में जमा लोगों ने वहां तैनात स्थानीय पुलिसकर्मियों की बैरक फूंक डाली।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि लोगों को तितर-बितर करने के लिए हवा में गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में किसी के घायल होने का समाचार नहीं है।
उधर लाल चौक में मोटर साइकिल पर सवार सैकड़ों युवकों ने आजादी की मांग के समर्थन में नारेबाजी की।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मी विभिन्न संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं और भीड़ द्वारा उकसावे वाले नारे लगाए जाने के बावजूद श्रीनगर में कहीं भी सुरक्षा बलों ने बल प्रयोग नहीं किया।
अधिकारी ने बताया, "हालात तनावपूर्ण हैं और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।"
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों को संयम बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि असामाजिक तत्वों के हिंसा भड़काने के नापाक इरादे पूरे न होने पाएं।
घाटी के अन्य हिस्सों से मिली जानकारी केअनुसार लोगों ने ईद की नमाज के बाद भारत विरोधी रैलियां निकालीं और आजादी की मांग के समर्थन में नारेबाजी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications