आगरा में बाढ़ की आशंका, सतर्क रहने का निर्देश
आगरा, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। आगरा में बाढ़ की आशंका के मद्देनजर जिलाधिकारी अमृत अभिजात ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और बाढ़ चौकियों को सक्रिय बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाने और सभी के मोबाइल नंबर बाढ़ चौकियों पर भी चस्पा करने के निर्देश भी दिए।
अभिजात ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों के लोगों से भी सर्तक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था कर ली गई है।
जिलाधिकारी शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक में संभावित बाढ़ के मद्देनजर राहत कार्यो तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि आगरा में यमुना का जलस्तर 493.1 फीट तक पहुंच गया है। एक-दो दिन में नदी में पानी और बढ़ सकता है। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के चिन्हित स्थानों पर नालों में तत्काल पम्प सेट लगाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बाढ़ चौकियों से सूचनाएं कलक्ट्रेट स्थित सिविल डिफेंस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम के फोन नंबर 2260550 पर देते रहें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications