ईरान के धर्मगुरु अयातुल्ला ने 'पादरी' की गिरफ्तारी की मांग की
तेहरान। ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्ला ने 11 सितम्बर 2001 के आतंकवादी हमलों की नौंवी बरसी पर अमेरिका में कुरान की प्रतियां जलाने की योजना की कड़ी निदा करते हुए गुरुवार को अमेरिकी प्रशासन से इसकी योजना बना रहे पादरी को गिरफ्तार करने की मांग की।
अयातुल्ला सफी गोल्पायगनी ने कहा, "आधे अरब मुसलमानों की ओर से मैं इस कुत्सित योजना की निंदा करता हूं और इसके परिणामों की चेतावनी देता हूं।" फ्लोरिडा के गेन्सविला स्थित डव वर्ल्ड आउटरीच सेंटर के करीब 50 लोगों के समूह के प्रमुख टेरी जोंस ने आतंकवादी हमलों की नौंवी बरसी पर कुरान की प्रति जलाने की घोषणा की है।
ईरान के सरकारी टेलीविजन 'आईआरआईबी' की वेबसाइट के मुताबिक अयातुल्ला ने कहा, "इस पादरी को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उसकी चर्च को बंद किया जाना चाहिए।" उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस जघन्य और अमानवीय कार्य को अंजाम दिया गया तो मुस्लिम, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन को इसका जिम्मेदार मानेंगे। अयातुल्ला ने कहा कि कुरान का अपमान केवल दुनियाभर के मुसलमानों की बेइज्जती नहीं है बल्कि यह ईसा मसीह, उनकी मां मदर मैरी और पैगम्बर मूसा के अनुयायियों का भी अपमान है।












Click it and Unblock the Notifications