मध्य प्रदेश में हुई जोरदार बारिश, बैतूल का संपर्क कटा
भोपाल। मध्य प्रदेश के छोटे लेकिन महत्वपूर्ण शहर बैतूल का राज्य के अन्य शहरों से सड़क संपर्क कट गया है। पिछले 15 घंटों से हो रही जोरदार बारिश के कारण बैतूल जिले के निचले इलाकों में पानी भर गया है। तवा नदी और राजदोहो नदी का जलस्तर बढ़ गया है और बैतूल का सड़क संपर्क भोपाल व नागपुर से टूट गया है।
वहीं नगर कोट क्षेत्र में तवा नदी के पुल पर से बहते पानी के बीच से कार निकालने की कोशिश में एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा शनिवार की शाम को राजदोहो नदी में एक नाव पलट गई थी। इस नाव में सवार 7 लोगों को तो बचा लिया गया है मगर 2 लोगों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया।
जोरदार बारिश के चलते बैतूल की निचली बस्तियों में पानी भर गया है जिसकी वजह से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं नदियों पर बने पुलों के इर्द-गिर्द सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है ताकि पानी ऊपर होने की स्थिति में कोई पुल न पार करे। इसी तरह रविवार की शाम को राजधानी भोपाल में भी जोरदार बारिश हुई और इस बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। जबलपुर, ग्वालियर व इंदौर में भी बारिश हुई।












Click it and Unblock the Notifications