बंगाल में माकपा का सफाया हो जाएगा : राहुल (लीड-2)
यहां के शहीद मीनार मैदान में आयोजित पार्टी की एक रैली में अपने 10 मिनट के भाषण के दौरान राहुल ने हालांकि सहयोगी दल तृणमूल कांग्रेस पर कोई टिप्पणी नहीं की।
उन्होंने केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के दूसरे बड़े घटक दल तृणमूल या उसकी नेता एवं रेलमंत्री ममता बनर्जी का एक बार भी जिक्र नहीं किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर तीव्र प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी उस बेकार हो चुके सिद्धांत को ढो रही है, जिसे दुनिया उतारकर फेंक चुकी है।
अपने वक्तव्य में उन्होंने कहा कि राज्य और भी पिछड़ गया है तथा केवल कार्यकर्ताओं को फायदा पहुंचाया जा रहा है।
युवक कांग्रेस के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने तथा राज्य के नेताओं के साथ संगठन के मामले पर विचार-विमर्श के लिए एक दिन के दौरे पर यहां पहुंचे राहुल ने कहा, "60 वर्ष पहले जब हम आजाद हुए थे, तब भारत एक गरीब देश था। तब प्रगति की शुरुआत हुई और हम धीरे-धीरे आगे बढ़ते गए।"
उन्होंने कहा कि अब दो अलग-अलग भारत हैं, एक उनका जिनके पास धन, शक्ति तथा उजाले से भरी गलियां हैं और दूसरा आदिवासियों एवं दलितों का, जहां शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाएं भी मौजूद नहीं हैं।
राहुल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अब गिनती के दिन रह गए हैं।
पश्चिम बंगाल में पहली बार किसी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह बात कही। हाल के रूस दौरे को याद करते हुए उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, "रूस में कम्युनिस्ट शासन एक दिन अचानक खत्म हो गया था। यहां भी (पश्चिम बंगाल) वही होगा।"
एक दिन के कोलकाता दौरे पर आए राहुल ने राज्य की वाम मोर्चा सरकार की जमकर निंदा की।
उन्होंने कहा, "माकपा का राज्य के गरीब, जनजातीय और हाशिए पर गए लोगों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।"
उन्होंने कहा, "माकपा पुराने ढर्रे पर कार्य कर रही है और प्रशासन का लाभ माफिया जैसे लोगों को पहुंचा रही है।"
सफेद कुर्ता-पायजामा पहने राहुल दोपहर बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे जहां पार्टी कार्यकर्ता पहले से ही 'राहुल गांधी जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे।
विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के सदस्यों तथा राज्य पुलिस के कमांडो से घिरे हुए राहुल बड़ी संख्या में रक्षक दलों के साथ राजभवन गए।
पार्टी के पश्चिम बंगाल मामलों के प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव के. केशव राव, राज्य कांग्रेस के प्रमुख मानस भुइयां एवं कांग्रेस सांसद मौसम बेनजीर नूर भी राहुल के साथ थे।
उल्लेखनीय है कि राज्य में माकपा जून, 1977 से ही सत्तारूढ़ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications