चीन से पर्याप्त एहतियात बरतने की जरूरत : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। चीन के साथ संबंधों में आई कड़वाहट के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत को चीन से पर्याप्त एहतियात बरतने की जरूरत है लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि संबंधित मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान की कोशिशें छोड़ दी जाए।
अपने सरकारी आवास पर संपादकों के एक समूह से मुलाकात में प्रधानमंत्री ने भारत और चीन के रिश्तों पर बेबाकी से अपना पक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि दोनों एशियाई शक्तियों के संबंध सहयोग और प्रतिस्पर्धात्मक हैं लेकिन यह प्रतिस्पर्धा शांतिपूर्ण हो, इसके प्रयास किए जाने चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ और प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ के साथ काम कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ भी संबंधों में मधुरता बनाए रखने के लिए वार्ता जारी रखने की वकालत करते हुए कहा, "भारत-पाक संबंधों में हमेशा कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है।" उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई हमले के बाद उभरे जनमानस के विचारों के प्रति वह संवेदनशील हैं।
उन्होंने कहा कि वार्ता जारी रखना ही दोनों देशों के संबंधों को आगे ले जाने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी भारतीय विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के भारत आने के निमंत्रण को स्वीकार करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications