हिमाचल में बुधवार से शुरू होगी पवित्र 'छड़ी यात्रा'
शिमला, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश तीर्थयात्रा के दौरान भगवान शिव की पवित्र 'छड़ी यात्रा' बुधवार से शुरू होगी। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
चंबा के पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार ने आईएएनएस को बताया, "छड़ी यात्रा के लिए सारे प्रबंध कर लिए गए हैं। यह यात्रा चंबा जिले में 1,000 वर्ष पुराने लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू होगी।"
वर्ष में एक बार एक महीने तक चलने वाली पवित्र 'मणिमहेश तीर्थयात्रा' की शुरुआत 20 अगस्त को हुई थी और यह 15 सितंबर को राधाअष्टमी के दिन समाप्त हो जाएगी। राधाअष्टमी के दिन ही हजारों श्रद्धालू मणिमहेश झील में स्नान करते हैं।
इस तीर्थस्थान के बारे में कहा जाता है कि श्रद्धालु कैलाश पर्वत का दर्शन तभी कर पाते हैं जब भगवान शिव प्रसन्न होते हैं। जब यह चोटी बादलों के पीछे छुप जाती है तो माना जाता है कि भगवान शिव प्रसन्न नहीं हुए।
राज्य सरकार ने निजी हेली टैक्सी ऑपरेटरों को पहले ही इस धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने की अनुमति दे दी है। भरमौर कस्बे से गौरी कुंड जाने के लिए प्रति व्यक्ति किराया 7,500 रुपये है।
पदयात्रा की शुरुआत हदसर से 6,000 फुट की ऊंचाई से होती है। दुर्गम रास्तों से गुजरते हुए ठंड के बीच यह यात्रा 13,500 फुट की ऊंचाई पर स्थित झील के पास जाकर समाप्त होती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications