फिलहाल सेवानिवृत्त होने का विचार नहीं: प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सरकार और कांग्रेस के बीच घटते तालमेल की अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि विचारों में मतभेद में कोई बुराई नहीं है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके सेवानिवृत्त होने का कोई इरादा नहीं है।
सिंह ने सोमवार को अपने आवास पर संपादकों के एक समूह से बातचीत में कहा कि वह फिलहाल सेवानिवृत्त होने का मन नहीं बना रहे हैं। उन्होंने संसद के शीतकालीन सत्र से पहले मंत्रिमंडल के विस्तार के भी संकेत दिए। शीतकालीन सत्र सात नवंबर से शुरू होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार में शामिल मंत्रियों और पार्टी नेताओं की अलग-अलग राय में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारों में मतभेद होते हैं और कुछ हद तक सामंजस्य के साथ सरकार के काम करने के लिए यह जरूरी भी है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके मंत्रिमंडल ने जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल से भी कहीं ज्यादा तालमेल के साथ काम किया है। प्रधानमंत्री इस बात का उल्लेख किया कि नेहरू और तत्कालीन उप प्रधानमंत्री सरदार पटेल के बीच तकरीबन रोजाना पत्रों का आदान-प्रदान होता था। सिंह ने इंदिरा गांधी और मोरारजी देसाई के बीच मतभेदों का हवाला देते हुए कहा कि विचारों में भिन्नता बुरी बात नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications