नेपाल में बस हादसा, कई के मरने की आशंका
काठमांडू, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तरी नेपाल में सोमवार को एक बस के नदी में गिर जाने के कारण 30 से ज्यादा लोगों के मरने की आशंका है। भारी बारिश के चलते बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर पांच शव मिले हैं। लेकिन उफनाई भोते कोसी नदी से तुरंत और शवों को नहीं निकाला जा सका है। यात्रियों और हादसे में मारे गए लोगों के शवों को निकाला जाना लगभग असंभव है।
चश्मदीदों का कहना है कि बस बाराबीज से तिब्बत सीमा के समीप तातोपानी जा रही थी। सिंधुपलचौक जिले में गाता गांव के नजदीक बस करीब 100 मीटर नीचे भोते कोसी नदी में गिरी है।
बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। नदी में गिरने की वजह से अधिकतर लोगों के बस में ही फंसे होने की संभावना है।
कम से कम दो लोग बस की छत पर बैठे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचा लिया है। दुर्घटना के तीन घंटे बीत जाने के बाद भी बचाव दल के सदस्य बस को ऊपर ला पाने में सफल नहीं हो पाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications