मैच फिक्सिंग विवाद : नीतू ने आरोपों को खारिज किया
नीतू के प्रवक्ता डेल भगवागर ने अपने बयान में कहा, "व्यक्तिगत तौर पर नीतू मोहम्मद आसिफ या फिर किसी अन्य पाकिस्तानी क्रिकेटर को नहीं जानतीं। उनका नाम बेवजह के आरोपों के आधार पर मैच फिक्सिंग मामले में घसीटा जा रहा है।"
"नीतू तो आसिफ से मिलते-जुलते किसी व्यक्ति को भी नहीं जानतीं। इस विवाद के सामने आने के चंद मिनट बाद ही मैं उनसे मिला था और उन्हें अपने ब्लैकबेरी फोन के माध्यम से इंटरनेट पर जारी आसिफ की तस्वीर उन्हें दिखाई थी।"
"इसे लेकर नीतू ने हैरानी व्यक्त की थी क्योंकि वह आसिफ को जानती तक नहीं। वह यह नहीं समझ पा रही हैं कि उनका मोबाइल नंबर किसी तरह मैच फिक्सिंग से जुड़ी सूची में शामिल किया गया है। यह पूरी तरह साजिश है।"
नीतू का नाम उस सूची में शामिल है, जो स्कॉटलैंड यार्ड और इंटरपोल ने इस विवाद के संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मुहैया कराई है। इंटरपोल और स्कॉटलैंड यार्ड ने यह सूची आसिफ की पूर्व प्रेमिका और पाकिस्तानी अभिनेत्री वीना मलिक से मिली सूचना पर तैयार की है। इस सूची में उन लोगों का नाम शामिल है, जिन्हें आसिफ ने वर्ष 2009 में फोन के जरिए संपर्क किया था।
इस सूची में मुंबई से एकमात्र फोन नंबर है और वह नंबर नीतू का है। इससे यह बात सामना आ रही है कि नीतू भी आसिफ के साथ मैच फिक्सिंग की घटना में शामिल रही हैं।
यह बात भी सामने आई है कि नीतू ने उस दौरान आसिफ के साथ दो बार फोन पर बात की थी और कुछ संदेश भी किए थे। बातचीत के दौरान दोनों के बीच क्रिकेट को लेकर कुछ संवेदनशील बाते हुई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications