एहसान के गांव में मना ईद का जश्न
एहसान के पिता मोहिउद्दीन खान ने संवाददाताओं को बताया, "अल्लाह की मेहरबानी है। हम लोग बहुत खुश हैं। हम सोमवार को ही ईद मनाएंगे।"
खान के परिजनों के चहरों पर छाई उदासी उस समय छंट गई जब रविवार को खबरें आने लगीं कि बंधक पुलिसकर्मियों को सोमवार सुबह छोड़ दिया जाएगा लेकिन इस खबर की पुष्टि नहीं हो पाई थी। खान का परिवार रांची से लगभग 40 किलोमीटर दूर मांडर प्रखण्ड में रहता है।
एहसान की पत्नी फरीदा खानम ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। मैं इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकती। हम लोग साथ मिलकर खुशी मनाएंगे और यह ईद पिछले साल से अलग होगी।"
एहसान के घर के बाहर इक्कठा सैकड़ों लोगों के बीच मिठाइयां बांटी गई। इस खुशी के मौके पर खान का परिवार सोमवार को रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन करेगा।
गौरतलब है कि खान उन चार बंधकों में शामिल थे जिन्हें नक्सलियों ने 29 अगस्त को बिहार के लखीसराय जिले से अगवा किया था। बाद में नक्सलियों ने एक पुलिसकर्मी लुकस टेटे की हत्या कर दी थी जिसका शव लखीसराय के जंगलों में पाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications