पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोट, 8 मरे
इस्लामाबाद, 6 सितम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के लकी मारवात इलाके में सोमवार सुबह एक पुलिस थाने को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती विस्फोट में आठ लोग मारे गए जबकि 50 अन्य घायल हो गए।
एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदे वाहन को थाने की दीवार के पास ले जाकर उसमें विस्फोट कर दिया। हादसे के समय पुलिस थाने में 45 से अधिक पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
यह थाना पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के एक व्यस्त बाजार में स्थित है। विस्फोट से थाने क्षतिग्रस्त हो गया है। मरने वाले सभी लोग आम नागरिक हैं जो विस्फोट के समय वहां से गुजर रहे थे।
विस्फोट में एक स्कूल और सरकारी इमारत को भी नुकसान पहुंचा है जो पुलिस थाने के पास ही स्थित हैं। विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है और कहा है कि कई लोग घायल भी हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मलबा हटाए जाने के बाद ही नुकसान के बारे में कुछ बताया जा सकेगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले सप्ताह लाहौर और क्वेटा में शिया समुदाय के जुलूस को निशाना बनाकर किए गए हमलों में 110 से अधिक लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications