कश्मीर घाटी में बंद, कई जगह कर्फ़्यू

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित कश्मीर मे शुक्रवार को हुए भारत विरोधी प्रदर्शनों और गोलीबारी में दो लोगों के मारे जाने के बाद शनिवार को पूरी घाटी बंद है.
श्रीनगर, अनंतनाग, बिजबहेड़ा और सोपोर में कर्फ़्यू लागू है.
कुछ स्थानों से प्रदर्शनों की ख़बर आई हैं लेकिन हिंसा की कोई ख़बरें नहीं हैं.
उल्लेखनीय है कि गत 25 जून से भारत प्रशासित कश्मीर में बंद और कर्फ़्यू का सिलसिला लगातार चल रहा है.
तब से अब तक हिंसक प्रदर्शनों के बीच सुरक्षाबलों की गोली से 58 लोगों की मौतें हुई हैं जबकि चार लोग एक विस्फोट में मारे गए हैं.
अलगाववादी गुटों के आह्वान पर घाटी में सभी शहरों और क़स्बों में बंद है.
दुकानें, शिक्षण संस्थान, बैंक और काम धंधा सब कुछ बंद हैं. कर्फ़्यू वाले शहरों में तो सड़कें सूनसान हैं और कोई वाहन सड़कों पर नहीं दिख रहा है.
लेकिन जिन जगहों पर कर्फ़्य़ू नहीं है वहाँ भी सार्वजनिक यातायात बंद है.
ख़बरें हैं कि बड़गाम ज़िले के शेख़पुरा हुमहामा में कुछ लोगों ने पथराव किया था.
वहीं श्रीनगर के बहुरीक़दल से ख़बरें मिली हैं कि सुबह-सुबह साढ़े पाँच बजे के क़रीब सीआरपीएफ़ के कुछ जवानों ने घरों पर पथराव किए हैं.
उल्लेखनीय है कि गत 25 जून को हुर्रियत कॉन्फ़्रेंस के एक धड़े के नेता शाह सैयद गिलानी ने 'कश्मीर छोड़ो' आंदोलन शुरु करने का ऐलान किया था. इसी दिन सुरक्षा बलों की गोली से सोपोर में दो युवकों की मौत हो गई थी.
इसके बाद से घाटी में लगातार अस्थिरता का वातारवण बना हुआ है. तब से ही या तो बंद होता या फिर सरकार की ओर से कर्फ़्यू.












Click it and Unblock the Notifications