बेंगलुरू पुलिस ने मदनी को अज्ञात स्थान पर रखा, पूछताछ शुरू
बेंगलुरू। बेंगलुरू बम धमाकों में हाथ होने के आरोपों के चलते मंगलवार को गिरफ्तार किए गए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष मदनी से बुधवार को बेंगलुरू पुलिस ने पूछताछ की। इस्लामिक धर्मगुरू नजीर मदनी को पुलिस ने अज्ञात स्थान पर रखा हुआ है। मदनी को मंगलवार शाम बेंगलुरू के अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट वेंकटेश हुलागी के समक्ष प्रस्तुत किया गया था।
एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "हम इस बात को सार्वजनिक नहीं करना चाहते कि मदनी को कहां रखा गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।" अदालत के फैसले के मुताबिक मदनी 26 अगस्त तक पुलिस हिरासत में रहेंगे। बेंगलुरू पुलिस ने 14 दिन की पुलिस हिरासत मांगी थी लेकिन न्यायाधीश ने 10 दिन की पुलिस हिरासत स्वीकृत की।
पीडीपी अध्यक्ष को मंगलवार को कर्नाटक पुलिस ने केरल के कोल्लम जिले में अनवारसेरी में उनके आवास स्थित पार्टी कार्यालय से गिरफ्तार किया था। मदनी पर हत्या, देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने और गैरकानूनी गतिविधियां चलाने के आरोप हैं। उल्लेखनीय है कि बेंगलुरू में 25 जुलाई 2008 को हुए बम विस्फोटों का षडयंत्र रचने के 32 आरोपियों में मदनी भी शामिल हैं। करीब 30 मिनट में हुए आठ धमाकों में एक महिला की मौत हो गई थी और 15 घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications